logo

रांची में बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, पुलिस ने 8 चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ 3 युवकों को पकड़ा

bike3.jpg

रांची 
रांची के जगरनाथपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बाइक चोरी के एक गिरोह का खुलासा करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से अलग-अलग जगहों से चोरी की गई कुल 8 मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रांची के निर्देश पर गठित गश्ती टीम द्वारा की गई।
पुलिस को 9 जनवरी की शाम सूचना मिली थी कि हेसाग तालाब के पास कुछ युवक सिगरेट व अन्य नशे का सेवन करते हुए संदिग्ध गतिविधियों में लगे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की, जहां से तीन युवकों को पकड़ा गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे चोरी की मोटरसाइकिलें लाकर उसी स्थान पर ग्राहकों को बुलाते थे।


गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग इलाकों से चोरी की गई मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इनमें चोलकी सामुदायिक भवन परिसर, बगला स्कूल शौचालय (केली मार्केट), हटिया रेलवे स्टेशन के पास, हवाई नगर आरएफसी रेस्टोरेंट और लटमा रोड स्थित श्रीराम अपार्टमेंट के आसपास के इलाके शामिल हैं। कुछ बाइक झाड़ियों में छिपाकर रखी गई थीं, जिन्हें बरामद किया गया।
पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपियों ने तीन चोरी की मोटरसाइकिलें पहले ही कुछ लोगों को बेच दी थीं, जिन्हें यह जानकारी नहीं दी गई थी कि वाहन चोरी के हैं। बाद में उन लोगों से भी बाइक बरामद कर ली गई। इसके अलावा कुछ अन्य चोरी की बाइकों की बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।


गिरफ्तार अभियुक्तों में राज उर्फ विजय सिंह (20 वर्ष), संतोष उर्फ करण ठाकुर (19 वर्ष) और विनित उर्फ प्रिंस पासवान (19 वर्ष) शामिल हैं। सभी आरोपी जगरनाथपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस द्वारा बरामद मोटरसाइकिलों में बुलेट, होंडा शाइन, स्प्लेंडर प्रो, स्प्लेंडर प्लस और पैशन प्रो जैसी कुल 8 बाइक शामिल हैं, जिनमें कुछ के रजिस्ट्रेशन नंबर भी दर्ज पाए गए हैं। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।


 

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News Jharkhand।ive Breaking।atest